समस्तीपुर : प्रखंड के विशनपुर चौक स्थित इंदिरा स्मारक परिसर में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सह पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा स्मारक कमिटी, विशनपुर के तत्वावधान में किया गया। इसकी अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष सह वरिष्ठ कांग्रेस नेता ठाकुर मनोज भारद्वाज ने की, जबकि संचालन कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम ने दोनो महान विभूतियो को नमन करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री होने के साथ-साथ दृढ़ इच्छाशक्ति और साहसिक निर्णयों के लिए जानी जाती हैं। उन्हें आयरन लेडी के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने बैंको का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति और 1971 के युद्ध सहित कई ऐतिहासिक फैसलो के माध्यम से देश के विकास और मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान दिया। देश की एकता और अखंडता के लिए उनका बलिदान सदैव याद किया जाएगा।
वही, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा एवं कमिटी अध्यक्ष ठाकुर मनोज भारद्वाज ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ो रियासतो का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी ऐतिहासिक योगदान के कारण उन्हे लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओ एवं सामाजिक कार्यकर्ताओ ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओ पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर मेयर अनीता राम, रंजन शर्मा, ठाकुर मनोज भारद्वाज, राकेश कुमार ठाकुर, देविता देवी गुप्ता, जयलाल राय, बच्चा बाबू गिरी, रामविलास राय, विश्वनाथ हजारी, परमानंद मिश्र, सूरज राम, अधिवक्ता उपेंद्रनाथ तिवारी, रामनारायण शर्मा, विनोद कुशवाहा, मोहम्मद वसीर अहमद, डॉ. मदन मोहन ठाकुर, मनोज कुमार राय, रामबाबू राय, शिवशंकर राय, भरत साह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






