- तीसरी सूची जारी होने पर कलाकारों में खुशी की लहर, किरण देव यादव ने जिला प्रशासन और कला संस्कृति मंत्री के प्रति जताया आभार
खगड़िया : जिले के कलाकारो के लिए खुशखबरी है। कलाकारों की पेंशन स्वीकृति की तीसरी सूची में 91 कलाकारों के नाम शामिल होने पर स्थानीय कलाकारो में खुशी की लहर है। ऑल इंडिया मिशन आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष किरण देव यादव ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी चयनित कलाकारो को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने जिला प्रशासन और कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी के प्रति आभार व्यक्त किया।
किरण देव यादव के अनुसार, खगड़िया जिले में पहली सूची में 27, दूसरी सूची में 61 और तीसरी सूची में 91 कलाकारो की पेंशन स्वीकृत हुई है। इस प्रकार जिले के कुल 179 कलाकारों को पेंशन की स्वीकृति मिली है। उन्होंने दावा किया कि कलाकार पेंशन स्वीकृति के मामले में खगड़िया जिला पूरे बिहार में सबसे आगे है।
कलाकारो का बढ़ेगा मनोबल
किरण देव यादव ने कहा कि कलाकारों को पेंशन की स्वीकृति मिलने से उनकी कला को प्रोत्साहन मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। विभिन्न विधाओ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के बावजूद कई कलाकार लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयो और गुमनामी का जीवन जी रहे थे। ऐसे में आर्थिक सहायता और उचित मंच मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा। साथ ही, कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को भी नई दिशा मिलेगी।
मंत्री और जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जिलाधिकारी विक्रम विरकर और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार के प्रयासो की सराहना की। उन्होंने कहा कि कलाकारों की मेहनत और विभागीय प्रयासो का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। कला एवं संस्कृति के विकास को लेकर पूर्व में मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी को मांगपत्र सौंपा गया था। उनके आश्वासन के बाद बड़ी संख्या में कलाकारो की पेंशन स्वीकृत होना कलाकार समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने खगड़िया सहित बिहार के विभिन्न जिलों में युवा कलाकारो के चयन के लिए युवा कला महोत्सव के सफल आयोजन पर भी आभार व्यक्त किया।
लंबित पेंशन भुगतान और कला भवन निर्माण की मांग
किरण देव यादव ने कहा कि पेंशन स्वीकृत होने के बावजूद कलाकारों की लंबित पेंशन राशि का भुगतान जल्द किया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीनों से लंबित पेंशन भुगतान का मामला कलाकारो के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। पर्व-त्योहार को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से पेंशन राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने खगड़िया में कला भवन के निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि इससे जिले के कलाकारो को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कलाकारो की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाएगी।






