- ग्राम कचहरी के पांच संगठनों ने दिखाई एकजुटता, मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करने की चेतावनी
- स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को वर्ष 2001 से पेंशन देने की मांग, अन्यथा सांसदों-विधायकों की पेंशन बंद करने की उठाई आवाज
पटना : बिहार प्रदेश पंच-सरपंच संघ की राज्यस्तरीय महाबैठक बुधवार को पटना के आर ब्लॉक चौक के निकट स्थित संपर्क कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने की, जबकि मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष किरण देव यादव ने किया। बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों, महासचिवो और प्रदेश पदाधिकारियो ने भाग लिया। इस दौरान संघ के पूर्ववर्ती आंदोलनो एवं गतिविधियो की समीक्षा करते हुए ग्राम कचहरी से जुड़े प्रतिनिधियो और कर्मियो की मांगो को लेकर आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में चरणबद्ध आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खगड़िया जिला अध्यक्ष किरण देव यादव ने पंचायत प्रतिनिधियो की विभिन्न मांगो को प्रमुखता से उठाया। इनमे स्थानीय प्रतिनिधियो को वर्ष 2001 से पेंशन देने, पंचायती राज आयोग का गठन करने, विधान परिषद चुनाव में मतदाता बनाने, लाइसेंसी हथियार उपलब्ध कराने, ग्राम कचहरी को सभी आवश्यक सुविधाओं से संपन्न करने तथा प्रहरी, चौकीदार, डाटा ऑपरेटर और अमीन की बहाली करने जैसी मांगे शामिल हैं।
इसके अलावा प्रतिनिधियों ने सम्मान, सुरक्षा, वेतन, बीमा, भत्ता और पेंशन सहित अन्य अधिकार सुनिश्चित करने, वंशावली निर्गत करने की प्रक्रिया पूर्ववत ग्राम कचहरी के माध्यम से संचालित करने, भवन किराये का भुगतान करने तथा लंबित भत्तो का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। इन मांगों को लेकर आगामी विधानसभा सत्र के दौरान पंचायती राज मंत्री के घेराव का प्रस्ताव रखा गया, जिसे बैठक में उपस्थित सदस्यो ने समर्थन दिया।
मांगे पूरी नहीं हुई तो होगा आंदोलन तेज
संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान ग्राम कचहरी के पूर्व एवं वर्तमान सरपंच, उपसरपंच, पंच, न्याय मित्र और न्याय सचिव एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरपंचो ने पटना की धरती पर कचहरी लगाकर सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया है। सरकार ने मांगे पूरी नही की तो पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का घेराव किया जाएगा और सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
पंचायत प्रतिनिधि महासंघ ने दिया समर्थन
त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि महासंघ के प्रदेश संयोजक मिथिलेश राय ने पंच-सरपंच संघ की मांगो का समर्थन करते हुए सरकार से जायज मांगो को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगो की अनदेखी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बैठक में ग्राम कचहरी से जुड़े पांच संगठनो के प्रतिनिधियो ने एकजुटता प्रदर्शित की। न्याय मित्र एवं ग्राम कचहरी सचिव संघ के प्रतिनिधियों ने वेतन वृद्धि की मांग उठाई, जबकि प्रहरी संघ के अध्यक्ष ने समायोजन एवं बहाली का मुद्दा रखा।
बैठक में संघ के प्रदेश संयोजक पुष्पेंद्र ठाकुर, प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार निषाद, अजय सिंह, अमित दुबे, दिलीप सिंह, महेंद्र शर्मा, दीनबंधु सिंह, संजीत कुमार, विजय तिवारी, अवधेश गुप्ता, उपेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, राजकुमार यादव, अशोक कुमार, शिबू कामत, रंजीत कुमार, भागवत राम, शैलेंद्र सिंह, रामप्रवेश सिंह, नागेश्वर सिंह, रामाशंकर राय, पंकज कुमार, भारत सिंह और मोहम्मद शहजाद आलम सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रहरी संघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सचिव संघ के प्रदेश अध्यक्ष ताराकांत राय, न्याय मित्र संघ की बरखा कुमारी तथा न्याय मित्र संघ के अध्यक्ष रामाशंकर राय ने भी बैठक में भाग लिया। धन्यवाद ज्ञापन दिव्यांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार ने किया।






