खगड़िया : जिले में अवैध हथियारो के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में परबत्ता थाना क्षेत्र के अस्सी दियारा स्थित झरना बहियार में पुलिस ने छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक खगड़िया के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी।
छह प्रकार के सामान बरामद
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या 387/26 के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक देसी पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, दो बेस मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक मोबाइल फोन तथा 2,780 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा हथियार बनाने के अन्य उपकरण भी मिले हैं।
मुंगेर जिले का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिंटू मंडल के रूप में बताई गई है। वह मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याण टोला का निवासी है। पुलिस ने उसके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या 414/26 दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओ में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यो के आधार पर अन्य आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में परबत्ता थाना के पुलिस पदाधिकारियो के साथ खगड़िया की DIU टीम, STF (SOG-03) तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।






