- 20 नवंबर तक कार्रवाई की मांग, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
नरहन (समस्तीपुर) : डी.बी.के.एन. कॉलेज, नरहन में शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा की निष्पक्षता और परिसर की सुरक्षा को लेकर NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को NSUI के जिला उपाध्यक्ष विवेक विराट ने महाविद्यालय के प्रधानाचार्य को पांच सूत्री मांग-पत्र सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में परीक्षा के दौरान एक शिक्षक के साथ कथित गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार एवं दबाव बनाने की घटना को गंभीरता से उठाया गया। विवेक विराट ने आरोप लगाया कि एक विद्यार्थी को अनुचित तरीके से परीक्षा में प्रवेश दिलाने के उद्देश्य से शिक्षक पर दबाव बनाया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
इसके अलावा बी.एड. विभाग के कुछ गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की निर्धारित कार्यों से इतर गतिविधियों की जांच कराने तथा महाविद्यालय परिसर में अनधिकृत बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि कॉलेज परिसर में केवल विद्यार्थी, शिक्षक, कर्मचारी और अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति मिलनी चाहिए।
महाविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुख्य द्वार, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रशासनिक भवन, बी.एड. विभाग, गलियारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाने की मांग भी की गई।
वहीं विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तहत सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित कराने की मांग रखी गई। शिविर में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराने का सुझाव दिया गया।
NSUI ने कॉलेज प्रशासन से 20 नवंबर 2026 तक सभी मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा तक सकारात्मक पहल और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर विद्यार्थियों के अधिकारों, महाविद्यालय की सुरक्षा और शैक्षणिक गरिमा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।






