खगड़िया : जिले में मादक पदार्थो की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मानसी थाना पुलिस ने मटिहानी ढाला के पास छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद की है। मौके से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक खगड़िया के निर्देश पर मादक पदार्थो के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 को मानसी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मटिहानी ढाला के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की। वाहन जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से कुल 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं दोनो आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु कुमार, पिता शंकर राय, तथा मिंटू कुमार, पिता सदानंद यादव के रूप में हुई है। दोनों बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या 322/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 8(c)/21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छापेमारी दल में मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गणेश कुमार, STF (SOG-3) टीम, DIU टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। खगड़िया पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।






